जिला महिला कांग्रेस बेमेतरा द्वारा दुर्ग रोड स्थित सिंघौरी के स्वाद रेस्टोरेंट में होली मिलन समारोह बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिले भर से महिला कांग्रेस की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुईं और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ रंगों के इस पावन पर्व को मनाया।
समारोह के दौरान महिलाओं ने पर्यावरण और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हर्बल गुलाल से होली खेली। इस अवसर पर होली के पारंपरिक गीतों पर महिलाओं ने गीत गाए और नृत्य किया, जिससे पूरा वातावरण रंगमय और आनंदमय हो गया। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए महिलाओं के लिए कई मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया। कुर्सी दौड़, गीत-संगीत और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताओं में महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने महिला कांग्रेस की सभी बहनों को होली मिलन की शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
प्रतियोगिताओं में फर्स्ट एंट्री पुरस्कार पूर्व पार्षद उषा साहू को मिला। चीट उठाओ प्रतियोगिता में ममता चेलक विजेता रहीं, वहीं छत्तीसगढ़ी आभूषणों के नाम बताने की प्रतियोगिता में शशि प्रभा गायकवाड़ को विशेष पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा “क्वीन ऑफ द इवनिंग” का पुरस्कार माधुरी रवि परगनिया को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रश्मि मिश्रा, जनपद अध्यक्ष माधुरी रवि परगनिया, जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड़, बालकुमारी ध्रुव, कांग्रेस महामंत्री रूबी सलूजा,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला साहू जनपद सभापति सीमा टिकरिया, शहर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जनता साहू, शहर कांग्रेस महामंत्री हेमिन यादव, पूर्व पार्षद उषा साहू, जनपद सदस्य प्रेमलता मंडावी, विद्या रात्रे, महिला कांग्रेस नेत्री योगिता साहू, शेलू यादव, पत्रिका कौशल, सीमा साहू, देवकी पाठक, ममता चेलक, एलाला चतुर्वेदी, भारती साहू, बिकु मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
