बेमेतरा। जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में आज पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे की उपस्थिति में जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भगवान श्रीराम मंदिर, अयोध्या से जुड़े कथित चढ़ावा एवं वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के प्रतीक हैं। इसलिए श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में अर्पित की गई एक-एक पाई का पारदर्शी हिसाब देश की जनता के सामने होना चाहिए। उनका कहना था कि यदि सभी वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी हैं, तो स्वतंत्र जांच से किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का विषय है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) से भी इस मुद्दे पर स्पष्टता लाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने की नैतिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्य देश की जनता के सामने रखे जाएं, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था बनी रहे।
