बेमेतरा। नगर पालिका परिषद बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 01 पिकरी में अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर पार्षद राजकुमार खांडे ने नगर पालिका के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है।
पार्षद ने अनुविभागीय अधिकारी को दिए आवेदन में वार्ड की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि शीतला पारा मुख्य मार्ग, जो वार्ड के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, वहां कथित तौर पर अतिक्रमण के कारण रास्ता बाधित हो रहा है। रास्ते पर झोपड़ी, बाउंड्रीवाल और चौरा निर्माण किए जाने से पानी टैंकर, जेसीबी, सफाई गाड़ी, ट्रैक्टर एवं अन्य चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।

पार्षद का कहना है कि नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाने के बाद भी कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
अतिक्रमण हटाने को लेकर दो पक्षों की अलग-अलग बातें
इस मामले में अतिक्रमणकारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण हटाने के लिए तैयार हैं, लेकिन नगर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के सभी अतिक्रमणों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे, तब वे भी अपना अतिक्रमण हटाने के लिए तैयार हैं।
वहीं, cmo की ओर से यह बात सामने आई है कि उन्हें दो दिन की मोहलत दी गई है और उसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
दो दिन की मोहलत दिए जाने की बात के बावजूद पार्षद राजकुमार खांडे ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटाया जाता, तब तक वे आंदोलन स्थल से नहीं हटेंगे।
पार्षद ने स्पष्ट किया है कि वे दिन-रात वहीं बैठे रहेंगे और अतिक्रमण हटने के बाद ही अपना आंदोलन समाप्त करेंगे।



